कठुआ। शहर के वार्ड नंबर 21 में जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे मोहल्ले में शुरू हुए गली और नाली के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब 10 वर्षों से वे गली और पानी के निकासी की समस्या से जूझ रहे हैं और कई बार संबंधित अधिकारियों व चुने हुए प्रतिनिधियों के समक्ष समस्या उठाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। अब जब निर्माण कार्य शुरू हुआ है तो उन्हें बताया जा रहा है कि फंड की कमी के कारण केवल आधी गली का निर्माण किया जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले जेसीबी की मदद से गली की खुदाई शुरू की गई, जिसके चलते रास्ता बंद हो गया है। उनका यह भी आरोप है कि खुदाई के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय निवासी विपन शर्मा, राजकुमारी, संजीव कुमार, दीक्षा शर्मा और बृजमोहिनी ने कहा कि वे पिछले करीब एक दशक से गली की मरम्मत और नाली की उचित व्यवस्था की मांग उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से पानी सीधे गली में पहुंचता है और आगे नीचे की ओर बहता है, जिससे जलभराव की स्थिति बनती है और लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य शुरू किया गया है तो उसे पूरी गली तक पूरा किया जाना चाहिए, न कि बीच में छोड़ दिया जाए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि एक स्थान का पानी उठाकर दूसरे स्थान पर, खासकर किसी के घर के सामने छोड़ देना समस्या का समाधान नहीं है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बरसात के दिनों में छोटे बच्चों का स्कूल जाना और आम लोगों का अपने काम पर पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आधा-अधूरा निर्माण कार्य समस्या को खत्म करने के बजाय और बढ़ा सकता है।
उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि गली और नाली का निर्माण पूरी योजना के अनुसार पूरा किया जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि काम अधूरा छोड़ा गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।