7298020001
33 लाख से अधिक ई-वे बिल की जांच, करीब 200 वाहनों का भौतिक सत्यापन, जुर्माना वसूली में 35 फीसदी बढ़ोतरी

कठुआ। जिले में जीएसटी नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने और कर चोरी पर अंकुश लगाने के लिए स्टेट कर विभाग के प्रवर्तन विंग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक विभाग ने 33 लाख से अधिक ई-वे बिलों की जांच की, जबकि करीब 200 मालवाहक वाहनों का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान नियमों के उल्लंघन के मामलों में 1 करोड 77 लाख का जुर्माना वसूल किया गया।
विभाग के अनुसार पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 1 करोड़ 31 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया था। इस लिहाज से इस वर्ष सितंबर तक जुर्माना वसूली में करीब 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह अभियान स्टेट टैक्स कमिश्नर पीके भट्ट सहित अन्य अधिकारियों की निगरानी में चलाया जा रहा है। वहीं, जमीनी स्तर पर इसका नेतृत्व डिप्टी कमिश्नर स्टेट टैक्स जोगिंद्र सिंह जसरोटिया कर रहे हैं। विभाग की टीम जिले के विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर मोबाइल नाके स्थापित कर मालवाहक वाहनों की जांच कर रही है। इस दौरान ई-वे बिल, टैक्स इनवॉयस, डिलीवरी चालान और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की जाती है। विभागीय टीमें फील्ड इनपुट और जोखिम आकलन के आधार पर वाहनों को जांच के लिए रोकती हैं। विभाग का कहना है कि लगातार चलाया जा रहा यह अभियान कर चोरी रोकने, कारोबारियों में स्वैच्छिक अनुपालन बढ़ाने और जिले में जीएसटी प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी रहेगा।