रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन संत निरंकारी मिशन के जम्मू जोनल इंचार्ज अजीत सिंह ने किया। इस अवसर पर रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन सदैव मानवता, प्रेम, विश्व-बंधुत्व और निष्काम सेवा के उच्च आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। सत्गुरु माता सुदीक्षा महाराज के पावन मार्गदर्शन में मिशन समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि ”रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” के दिव्य संदेश को आत्मसात करते हुए किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान करता है। मिशन “नर सेवा ही नारायण पूजा” के सिद्धांत पर चलते हुए जाति, धर्म, रंग और सम्प्रदाय से परे होकर निरंतर मानव कल्याण में जुटा हुआ है।
शिविर का सफल संचालन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जम्मू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एवं ब्लड बैंक विभाग के सहयोग से डॉ. रश्मि तथा डॉ. रजत की कुशल देखरेख व मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कठुआ एवं जम्मू-कश्मीर स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी की टीमों ने भी तकनीकी व चिकित्सीय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर संत निरंकारी मंडल, कठुआ के संयोजक बाबू राम ने सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों की टीम, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वयंसेवकों एवं प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।