7298020001

 कठुआ के प्रमुख पर्यटन स्थल सरथल में पर्यटकों की आमद बढ़ी- देश के अलग अलग हिस्सों से पहुंच रहे सैलान

10 वर्षों में बदली तस्वीर; स्थानीय अर्थव्यवस्था, होमस्टे और कारोबार को मिली नई रफ्तार

बनी। ऊंचे-हरे पहाड़, देवदार के घने जंगल और बादलों को छूती वादियां- कठुआ जिले के बनी उपमंडल का खूबसूरत हिल स्टेशन सरथल अब अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ सुगम सफर के लिए भी पहचाना जाने लगा है। कभी खस्ताहाल, पथरीले और संकरे रास्तों के कारण पर्यटकों की पहुंच से दूर रहने वाला यह क्षेत्र अब बेहतरीन सड़क नेटवर्क से जुड़ चुका है। मार्ग के अधिकांश हिस्से के ब्लैकटॉप (डामरीकरण) होने से न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि जम्मू-कश्मीर के इस शांत पर्यटन स्थल पर सैलानियों का रुझान भी तेजी से बढ़ा है।

सड़क नेटवर्क में सुधार का सीधा असर पर्यटकों के अनुभवों पर दिख रहा है। उत्तर प्रदेश से आए पर्यटक महबूब आलम ने बताया कि मैं करीब एक दशक पहले यहां आया था। तब सड़कें बेहद खराब थीं, सिंगल रूट होने से सफर जोखिम भरा लगता था। 10 साल बाद जब दोबारा पहुंचा तो विकास साफ दिखा। अब डामरीकृत सड़क बनने से सफर बेहद आरामदायक हो गया है। अगली बार दोस्तों को भी साथ लाऊंगा। वहीं, ओडिशा से पहली बार सरथल पहुंचे एक अन्य सैलानी ने कहा कि यहां की प्राकृतिक छटा अद्भुत है। शांत वातावरण और सुगम कनेक्टिविटी के चलते यह वीकेंड और छुट्टियों के लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन बन रहा है।

स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को नई उड़ान

स्थानीय निवासी रूप सिंह ठाकुर के अनुसार, बीते दशक में बुनियादी ढांचे, विशेषकर सड़कों के विकास ने इलाके का परिदृश्य बदल दिया है। पहले खराब रास्तों की वजह से सैलानी यहां आने से कतराते थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। सड़क संपर्क बेहतर होने का सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रहा है। सैलानियों की बढ़ती आवाजाही से होमस्टे और गेस्ट हाउस की बुकिंग बढ़ी है। ढाबों, चाय की दुकानों, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प विक्रेताओं की आय में इजाफा हुआ है। टैक्सी चालकों और स्थानीय गाइडों के लिए नियमित रोजगार के अवसर बन रहे हैं।

बुनियादी ढांचे के विस्तार की दरकार

सड़क निर्माण से सरथल को एक नई पहचान जरूर मिली है, लेकिन इसे एक संपूर्ण और टिकाऊ पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए अभी कुछ और कदम उठाने होंगे। स्थानीय कारोबारियों और विशेषज्ञों का मानना है कि पर्यटन सीजन के दौरान जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (स्वच्छता), सार्वजनिक शौचालय, नेटवर्क कनेक्टिविटी और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध सरथल में सुगम सड़कों ने पर्यटन की रीढ़ मजबूत की है। यदि बुनियादी सुविधाओं का दायरा इसी तरह बढ़ता रहा, तो यह क्षेत्र आने वाले समय में जम्मू संभाग के शीर्ष पर्यटन स्थलों में शुमार होगा।