लखनपुर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में नृत्य, गायन, मॉडलिंग और कविता से प्रतिभागियों ने मोहा मन
कठुआ। डोगरा संस्कृति की समृद्ध विरासत और युवाओं की प्रतिभा का संगम लखनपुर में देखने को मिला, जहां ‘रंग-ए-डोगरा सीजन-2’ के आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। लखनपुर में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य, गायन, मॉडलिंग, कविता और अन्य कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य डोगरा संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय कला को बढ़ावा देने के साथ उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा।
यूथ ऑन बीट ऑर्गेनाइजेशन ने राष्ट्रीय गैर सरकारी संगठन बेटियां फाउंडेशन के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का संचालन आयोजक रश्मि गुप्ता और लक्ष्य महाजन की देखरेख में उनकी टीम ने किया। इस मौके पर भाजपा कठुआ के जिला सचिव गोपाल महाजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व लखनपुर कमेटी अध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में बेटियां फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक प्रांजल जैन, भाजयुमो जम्मू-कश्मीर के राज्य सचिव अक्षय भारती और डीएसपी तजिंदर सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता राम रतन अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर देते हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता से कार्यक्रम को यादगार बनाया। आयोजकों ने कहा कि ‘रंग-ए-डोगरा’ के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर पहचान बनाने का अवसर भी मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि यूथ ऑन बीट ऑर्गेनाइजेशन और बेटियां फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के जरिए क्षेत्रीय संस्कृति और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास जारी रखेंगे।