7298020001

बसोहली उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, …. तीन दिवसीय आयोजन में दिखेंगे लोक संस्कृति और साहसिक खेलों के रंग

कठुआ। ऐतिहासिक कस्बे बसोहली की समृद्ध कला, संस्कृति और खानपान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ”बसोहली उत्सव” की तैयारियों को लेकर बसोहली कसबे में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों व युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न प्रबंधों की जिम्मेदारी अलग-अलग टीमों को सौंपने का निर्णय लिया गया।बैठक में तय किया गया कि प्रचार-प्रसार की कमान नीना रकवाल और अमित मेहरा संभालेंगे। अमित मेहरा ने ऑटो रिक्शा और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से प्रचार अभियान को लेकर सुझाव दिया। बैठक के दौरान आकाश भारत ने सुझाव दिया कि उत्सव के दायरे को बढ़ाते हुए आसपास के गांवों को भी इससे जोड़ा जाए, जिससे स्थानीय जनभागीदारी और अधिक मजबूत हो सके। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि उत्सव के पहले दिन 19 तारीख को जम्मू से बसोहली तक एक विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। इसमें ”रॉयल राइडर्स एडवेंचर ग्रुप” सहित कई प्रमुख बाइकर्स समूह हिस्सा लेंगे। यह रैली रास्ते भर नशा मुक्ति और बसोहली उत्सव का संदेश देते हुए बसोहली स्थित ऐतिहासिक अटल सेतु पहुंचेगी। इसके बाद बाइकर्स कस्बे और प्रमुख दर्शनीय स्थलों की परिक्रमा करेंगे।

तीन दिवसीय उत्सव के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए कई रोचक गतिविधियों का आयोजन होगा। इसमें वॉटर स्पोर्ट्स, टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) और सामाजिक संदेश देते नुक्कड़ नाटक शामिल होंगे। सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं अपनी प्रस्तुतियां देंगे। खानपान के शौकीनों के लिए पारंपरिक ”बसोहली धाम” मुख्य आकर्षण रहेगा, जिसमें आमचूर का खट्टा, मीठा मदरा, क्यूर, चिरौलियां और अन्य स्थानीय डोगरा व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके साथ ही शाम के समय डोगरी व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रावी आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा।

बैठक में ”विश्वस्थली” के संस्थापक शक्ति कुमार पाठक, जगदीश ब्रह्मी, शिव कुमार पाधा, केवल कुमार पाधा, अंकुर अरोड़ा, रामलीला क्लब बसोहली के अध्यक्ष चंद्रशेखर, उदित पाधा, गौरव जंवाल के साथ साथ सुशांक शर्मा सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।