7298020001
हीरानगर। छन्न अरोडियां के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर वन विभाग की टीम ने शनिवार रात करीब 8:15 बजे लकड़ी से लदे एक ट्रक को जब्त किया। ट्रक में बी.एल. प्रजाति की लकड़ी के लट्ठे और जलाऊ लकड़ी लदी हुई थी।

जानकारी के अनुसार, लोअर हीरानगर के बीओ शिव कुमार के नेतृत्व में जसरोता वन रेंज के फील्ड स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए ट्रक नंबर JK08E-5405 को कब्जे में लिया। विभाग के मुताबिक, वाहन को भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 52(1) व 52(2) के तहत जम्मू-कश्मीर वन उपज परिवहन नियम, 2020 के एसओ-81 तथा प्रभागीय वन अधिकारी कठुआ के रात में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध संबंधी स्थायी आदेश के उल्लंघन के आरोप में जब्त किया गया।

पूरी कार्रवाई रेंज अधिकारी मुनीश गुप्ता की निगरानी में हुई, जबकि प्रभागीय वन अधिकारी कठुआ अनुषा कोल्ली, आईएफएस के समग्र पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया। जब्त की गई वन उपज, ट्रक और चालक को आगे की कार्रवाई के लिए हरिया चक नर्सरी लाया गया है।