7298020001
पौधों की नियमित देखभाल और निगरानी करने की ली शपथ

कठुआ। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश लेकर राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी परोल में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस अभियान में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय ने इस मुहिम के तहत 700 से अधिक पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मंगल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत व्याख्याता निशि शर्मा और शिक्षक सुनील सिंह जसरोटिया ने की। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण तैयार करने की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों और स्टाफ की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। विद्यालय प्रबंधन ने पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और अभियान को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।