7298020001

दोपहर बाद गणपति बप्पा मोर्या के जयघोष से गूंजे शहर और कसबे

कठुआ। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष के साथ शुक्रवार को जिले भर में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन धूमधाम से किया गया। जिला मुख्यालय से लेकर औद्योगिक क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्रों में भी गणपति बप्पा के जयघोष दिनभर गूंजते रहे। विभिन्न पंडालों में सजाए गए गणपति को विसर्जित करने के लिए भारी संख्या में भक्त उमड़े। वहीं, शहर के वार्ड 4 में रखे गए गणपति का भी धूमधाम से विसर्जन किया गया।

भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक चलने वाले भगवान गणपति के पूजन अर्चन का सिलसिला विधिवत जारी रहा है। शुक्रवार को गोविंदसर औद्योगिक क्षेत्र की रिहायशी कॉलोनी, नगरी कस्बे और कठुआ शहर समेत कई क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने गाजे बाजे के साथ भगवान गणेश की विशाल शोभा यात्राएं निकालीं। और विधि विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
शहर में गणपति महोत्सव कमेटी की ओर से स्थापित प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए धूमधाम से यात्रा निकाली गई। जिसमें झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। लोग जगह-जगह खडे़ होकर आरती कर रहे थे। भक्तों ने गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन ड्रीमलैंड पार्क नहर में किया। उधर, शहर के वार्ड 4 निवासी सुदर्शन भार्गव के घर पर स्थापित गणपति जी की विसर्जन यात्रा में भी भारी संख्या में भक्त उमड़े। कई जगह पर गणपति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने अबीर गुलाल की होली भी खेली। ढोल की थाप पर भक्तों ने बप्पा को अगले वर्ष फिर आने का न्यौता देकर विदा किया। लोगों ने अपने अपने घरों में स्थापित गणपति प्रतिमाओं का भी ड्रीमलैंड पार्क में विसर्जन किया।

हीरानगर में नौ दिन बाद हुई गणपति की विदाई

हीरानगर। उपमंडल के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को गणेश विसर्जन किया गया। कस्बे के रामलीला चौक में विराजमान गणपति का नौ दिन तक गुणगान हुआ। गणेश महोत्सव समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हर रोज सुबह आरती, दोपहर यज्ञ और शाम को संध्या कीर्तन की व्यवस्था की गई थी। शुक्रवार को भारी संख्या में एकत्रित होकर लोगों ने गणपति का विसर्जन कर दिया। वहीं चड़वाल, दियाला चक, सांझी मोड़, आदि इलाकों में प्रवासी मजदूरों ने गणेश विसर्जन से पहले शोभायात्रा निकाली। डीजे लगाकर खूब नाचे, और एक दूसरे पर जमकर गुलाल फेंका। उसके बाद उज्ज दरिया में भगवान गणेश की मूर्तियों को विसर्जित कर दिया।