कठुआ: पड़ोसी राज्य पंजाब से आने वाले कथित खनन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे कानून के रखवालों को भी निशाना बनाने से पीछे नहीं हट रहे। अवैध खनन और खनन सामग्री की ढुलाई पर लगाम लगाने पहुंची पुलिस टीम को डंपर से कुचलने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। देर रात भागथली क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान खनन सामग्री से लदे एक डंपर चालक ने पुलिस के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस थाने का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कठुआ थाना प्रभारी राजेश्वर सिंह सलाथिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भागथली क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान गंडयाल क्षेत्र की ओर से खनन सामग्री लेकर आ रहे डंपरों को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए एक डंपर चालक ने अपना वाहन पुलिस टीम की गाड़ी पर चढ़ा दिया और जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गनीमत रही कि इस पूरी घटना में किसी भी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना ने एक बार फिर अवैध खनन के कारोबार में संलिप्त तत्वों के बढ़ते दुस्साहस और कानून व्यवस्था के सामने खड़ी चुनौती को उजागर कर दिया है।
वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही कार्रवाई करते हुए करीब 10 डंपरों को जब्त किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।