7298020001

कठुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को कठुआ में भी तेज हो गया। कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पटेल नगर से जिला सचिवालय कठुआ तक विरोध मार्च निकाला। यह प्रदर्शन इंडिया ब्लॉक की ओर से देशभर में चलाए जा रहे विरोध कार्यक्रमों की कड़ी में आयोजित किया गया था।
प्रदर्शनकारी जिला सचिवालय परिसर के भीतर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सचिवालय के मुख्य गेट पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक की स्थिति बनी रही। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सचिवालय के मुख्य गेट से आगे नहीं बढ़ने दिया।

प्रदर्शन में शामिल पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता चौधरी लाल सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल प्रभाव से पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार पर जिस तरह के सवाल उठ रहे हैं और सरकार जिस तरह उनका बचाव कर रही है, उससे लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं।
चौधरी लाल सिंह ने कहा कि आज विपक्षी दलों ने एकजुट होकर सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद की है। उनका कहना था कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के एसआईआर को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान नहर चौक से कालीबाड़ी क्षेत्र तक यातायात पूरी तरह से प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए अंतर धरने से उठ गए।