कठुआ। जीएमसी कठुआ के मुख्य गेट के पास बस की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वीरवार की सुबह करीब 11 बजे हुए हादसे में सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल महिला की पहचान 45 वर्षीय चिंतो देवी पत्नी दीवान चंद, निवासी सेलो पिकड़, पूंड के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय पेश आया जब महिला हाइवे को पार कर रही थी। इस दौरान तेज गति से आती बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला को उपचार के लिए जीएमसी कठुआ ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अपनी छानबीन शुरू कर दी है।