7298020001

लच्छीपुर हॉकी क्लब के गुरकीरत सिंह बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

कठुआ। हॉकी के मैदान पर कठुआ के युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। अंडर-19 लड़कों की अंतर जिला यूटी स्तर की हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जिला टीम ने पूंछ को 2-1 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक और कांटे का रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया, लेकिन कठुआ के खिलाड़ियों ने दबाव के बीच शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-1 की बढ़त हासिल की और अंत तक इसे कायम रखा। जीत के साथ ही कठुआ की टीम ने चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस उपलब्धि में हॉकी क्लब लच्छीपुर के गुरकीरत सिंह ने भी अहम छाप छोड़ी। पूरे टूर्नामेंट में उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के खिताब से नवाजा गया। कठुआ की टीम की इस जीत से जिले के खेल प्रेमियों और हॉकी जगत में खुशी की लहर है। चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह भी दिखाया कि जिले में हॉकी की नई प्रतिभाएं लगातार उभर रही हैं और उन्हें सही मंच मिलने पर वे प्रदेश स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।