7298020001

4 से 10 अक्टूबर तक मनाया जाएंगा रेडक्रॉस सप्ताह

कठुआ। सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी गांव-गांव और पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने तीन माह के रिफॉर्म उत्सव की रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है। यह अभियान दिसंबर में आगामी 25 दिसंबर को संपन्न होगा। उपायुक्त राजेश शर्मा ने बुधवार को रिफॉर्म उत्सव और आगामी रेडक्रॉस सप्ताह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।

उपायुक्त ने सभी विभागों को अपने-अपने नोडल अधिकारी नामित करने और योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय योजनाओं की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए फ्रंटलाइन वर्करों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। रिफॉर्म उत्सव के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों का व्यापक कैलेंडर तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से विभाग अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। ग्राम सभाओं को भी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और पात्र लोगों को जानकारी देने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि अंतिम छोर तक रहने वाले लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ और उनसे जुड़ी जानकारी पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम किया जाए। बैठक में सेवा पर्व के तहत जिले में चल रहे किताब दान अभियान पर भी चर्चा हुई। डीसी ने सभी विभागों को अभियान में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें किताबें दान करने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने कहा कि यह पहल पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ सामुदायिक भागीदारी को भी मजबूत करने में मदद करेगी।

4 से 10 अक्टूबर तक रेडक्रॉस सप्ताह
बैठक में 4 से 10 अक्टूबर तक मनाए जाने वाले रेडक्रॉस सप्ताह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सप्ताह के दौरान लोगों को रेडक्रॉस की मानवीय भूमिका और उसके कार्यों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को स्वेच्छा से रेडक्रॉस की गतिविधियों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क गतिविधियां और दान अभियान आयोजित किए जाएंगे।