जिला कांग्रेस कार्यालय पटेल नगर से डीसी कार्यालय तक निकाली रैली, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग
कठुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय पटेल नगर से डीसी कार्यालय तक निकाली गई रैली के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने रैली को रोकने का प्रयास किया, लेकिन काफी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आगे बढ़े। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी तीखी झड़प हुई।

प्रदर्शन में पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह और पूर्व विधायक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डोगरा ने किया। डीएसपी मुख्यालय रविंद्र सिंह सुबह से ही भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे, ताकि रैली को नियंत्रित किया जा सके। पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह ने प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा को चुनावी फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने वर्ष 2024 के बाद हुए सभी चुनावों को रद्द कर दोबारा नये सिरे से चुनाव करवाने की मांग की है।
चौधरी लाल सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार कथित वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन अब तक लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति ऐसा कर सकता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दो चुनाव आयुक्तों की ओर से आयोग के भीतर फैसलों को लेकर उठाई गई आपत्तियों का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आयुक्तों ने पिछले दस महीनों में कई बार कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए थे। उन्होंने मांग की कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी की। प्रदर्शन में पूर्व विधायक कांता अंडोत्रा, पूर्व मंत्री मनोहर लाल शर्मा, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की के चलते कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।