7298020001

हीरानगर। गंगूचक में आयोजित दो दिवसीय शहीद जवान वॉलीबॉल टूर्नामेंट का खिताब द्वारकाधीश वॉलीबॉल क्लब ने अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में द्वारकाधीश क्लब ने तनव वॉलीबॉल क्लब को पांच सेटों तक चले कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। मुकाबले के सेट स्कोर 25-14, 21-25, 23-25, 25-19 और 15-9 रहे।

द्वारकाधीश क्लब ने पहले सेट में बढ़त बनाई, लेकिन तनव क्लब ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा और तीसरा सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद द्वारकाधीश ने चौथे सेट में वापसी की और निर्णायक पांचवें सेट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए विजेता द्वारकाधीश वॉलीबॉल क्लब को 26 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता तनव वॉलीबॉल क्लब को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली। फाइनल में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले प्रथम शर्मा को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया और उन्हें 3,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबलों में द्वारकाधीश वॉलीबॉल क्लब ने मनबल वॉलीबॉल क्लब को 2-0 से, जबकि तनव वॉलीबॉल क्लब ने जगदेव क्लैन वॉलीबॉल क्लब को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
फाइनल समारोह में गंगाधर जी महाराज मुख्य अतिथि रहे। डीआईजी जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज श्री श्रीधर पाटिल ने बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर शिरकत की, जबकि एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। अतिथियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि प्रदान की।

समापन समारोह में अतिथियों ने सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के खेल भावना, अनुशासन और बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना की। प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य शहीद जवानों की स्मृति को सम्मान देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।