7298020001

हीरानगर। सेवा पर्व के तहत हीरानगर में सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में सोमवार को जोनल शिक्षा कार्यालय (जेडईओ) हीरानगर में पुस्तक दान शिविर आयोजित किया गया। 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सप्ताहव्यापी सेवा पर्व के दौरान आयोजित इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों में पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करने के साथ ज्ञान के संसाधनों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।

शिविर में एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह, जेकेएएस ने शिरकत की और अधिकारियों, कर्मचारियों व अन्य प्रतिभागियों से बातचीत की। इस अवसर पर तहसीलदार हीरानगर अनूप कुमार, जेकेएएस, एईई कबीर, सीडीपीओ हीरानगर प्रियलक्ष्मी, जेकेएएस, जेडईओ हीरानगर, जेडईओ मढ़ीन और जेडईओ सल्लन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्वयं पुस्तकें दान कर समाज के प्रति जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया। दान की गई पुस्तकों का उपयोग विद्यार्थियों और समुदाय के अन्य सदस्यों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने तथा उन्हें शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।

यह आयोजन उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, जेकेएएस के समग्र मार्गदर्शन में हो रहे सेवा पर्व कार्यक्रमों का हिस्सा है। सेवा पर्व की गतिविधियों के समन्वय और निगरानी के लिए सीडीपीओ हीरानगर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सप्ताहभर चलने वाले सेवा पर्व के दौरान क्षेत्र में जनसहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें स्वच्छता अभियान, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम, वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं तथा नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम सहित कई पहल शामिल हैं।

इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों में सेवा और स्वयंसेवा की भावना को मजबूत करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनकल्याण के कार्यों में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह ने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से सेवा पर्व के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ, स्वस्थ, जागरूक और सामाजिक रूप से जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।