7298020001

कठुआ। लखनपुर में सोमवार की सुबह पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान पशु तस्करी की एक कोशिश को नाकाम करते हुए 15 मवेशियों को मुक्त करवाया और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए ट्रक में मवेशियों को अमानवीय तरीके से लादा गया था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर सभी मवेशियों को सुरक्षित कीड़ियां गंडियाल स्थित गौशाला में पहुंचाया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह लखनपुर पुलिस की टीम नियमित नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पंजाब की ओर से जम्मू जा रहे एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर 15 मवेशी अमानवीय परिस्थितियों में लदे हुए मिले। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को कब्जे में लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लखनपुर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें जम्मू में किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसके साथ ही पुलिस तस्करी के इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में भी जुटी हुई है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल है।