शौकत अली की मौत से परिवार में पसरा मातम, निष्पक्ष जांच की मांग
कठुआ। बसोहली उपजिले के शीतलनगर ब्लॉक से सटे डोडला गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान शौकत अली पुत्र शौदीन निवासी डोडला, बसोहली के रूप में हुई है।
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं, घटना को लेकर पूरे इलाके में चिंता और शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों ने युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल बसोहली पहुंचाया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दूसरी ओर, क्षेत्र के लोगों में भी इस घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। परिवार द्वारा जताई गई हत्या की आशंका के बीच अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।