बसोहली। पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को सरकारी योजनाओं, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को सैनिक सराय, बसोहली में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन सचिव सैनिक कल्याण बोर्ड, कठुआ कर्नल चहल तथा हिमायत के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) कठुआ प्रियंका हंसा के सहयोग से किया गया।
शिविर में सेवानिवृत्त कर्नल महान सिंह, मुख्य लिपिक गणेश दत्त सहित करीब 80 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को हिमायत योजना के तहत कौशल विकास, प्रशिक्षण, पंजीकरण प्रक्रिया तथा रोजगार से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। वहीं, युवाओं को मिशन युवा के माध्यम से स्वरोजगार, उद्यमिता और आजीविका के लिए उपलब्ध योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर कर्नल चहल ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीपीएम प्रियंका हंसा ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना और युवाओं को कौशल, रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।