7298020001

हटली मोड़ के पास सिंचाई विभाग की भूमि पर बनी एक मंजिला इमारत, दिसंबर 2024 में शुरू हुआ था निर्माण कार्य

कठुआ। जिला विकास परिषद (डीडीसी) के नए कार्यालय भवन का निर्माण कार्य अब पूरा हो गया है। करीब 2 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई इस एक मंजिला इमारत का उद्घाटन अक्टूबर माह के अंत तक किए जाने की संभावना है। भवन तैयार होने के बाद अब इसे संबंधित विभाग को औपचारिक रूप से हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जानी है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण विकास विभाग की ओर से इस कार्यालय भवन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) करीब ढाई करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार की गई थी। इसके बाद सरकार ने 2 करोड़ 32 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई थी। इसका निर्माण कार्य वर्ष 2024 में शुरू हुआ था। स्वीकृति के बाद निविदा प्रक्रिया के माध्यम से भवन के सिविल वर्क का कार्य करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये में आवंटित किया गया। शेष राशि से भवन में बिजली व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्य करवाए गए। यह नया कार्यालय भवन हटली मोड़ के पास सिंचाई विभाग की भूमि पर तैयार किया गया है। खास बात यह है कि इसके निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण विकास विभाग ने स्वयं संभाली। भवन के पूरा होने से डीडीसी कार्यालय के लिए बेहतर और व्यवस्थित आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा। बता दें कि नए डीडीसी कार्यालय भवन का निर्माण कार्य दिसंबर 2024 में शुरू किया गया था। निर्माण पूरा करने के लिए प्रारंभिक समय सीमा दिसंबर 2025 निर्धारित की गई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 31 मार्च 2026 किया गया। हालांकि, समय पर फंड जारी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा नहीं हो सका और इसे आगे खिसकाना पड़ा। अब भवन का निर्माण पूरी तरह पूरा हो चुका है। संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद अक्टूबर माह में भवन को आधिकारिक रूप से हस्तांतरित कर इसका उद्घाटन करवाए जाने की संभावना जताई जा रही है। नए भवन के तैयार होने से जिला विकास परिषद के कामकाज के लिए स्थायी और सुविधाजनक कार्यालय परिसर उपलब्ध होगा। इससे डीडीसी से संबंधित प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

डीडीसी कार्यालय बनकर तैयार हो गया है। अब नई तैयार इमारत का अधिकारिक रूप से हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि अक्टूबर माह के अंत तक इस नई इमारत का उद्घाटन कर दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग पूरी तैयारियों में जुट गया है।

—-सुरेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता, ग्रामीण विकास विभाग।